दिल्ली को जलभराव से मिलेगी राहत!

दिल्ली को जलभराव से मिलेगी राहत! 263 करोड़ से बनेगा 4.5 KM लंबा ड्रेन, 70 कॉलोनियों को फायदा

Delhi Drain Project: दिल्ली सरकार ने किराड़ी इलाके में बार-बार होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 263.45 करोड़ रुपये की लागत से करीब 4.5 किलोमीटर लंबे ड्रेन के निर्माण को मंजूरी दी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई एक्सपेंडिचर फाइनेंस कमेटी (EFC) की बैठक में परियोजना को मंजूरी दी गई।

70 कॉलोनियों को फायदा
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने दिसंबर 2027 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य रखा है। नया ड्रेनेज नेटवर्क किराड़ी, मुंडका, बवाना और नांगलोई जाट विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को राहत पहुंचाएगा। अकेले किराड़ी की करीब 70 अनधिकृत कॉलोनियों को बेहतर जल निकासी की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

प्रस्तावित ड्रेन की शुरुआत मुंडका हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास से होगी और इसे सप्लीमेंट्री ड्रेन से जोड़ा जाएगा। इसकी जल वहन क्षमता करीब 760 क्यूसेक होगी। इससे रेलवे लाइन के किनारे जमा होने वाले बारिश के पानी की निकासी में मदद मिलेगी। परियोजना से रानी खेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया, वेणु एन्क्लेव, रतन पार्क, राजधानी पार्क, जेजे क्लस्टर कॉलोनी, राजेंद्र पार्क एक्सटेंशन, राम नगर, कुंवर सिंह नगर और निलोठी गांव समेत कई इलाकों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

सीएम रेखा गुप्ता ने क्या कहा?
बता दें कि इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि मानसून के दौरान किराड़ी में जलभराव लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। पानी भरने से सड़कें प्रभावित होने के साथ घरों और स्थानीय कारोबार पर भी असर पड़ता है। सरकार का जोर अब अस्थायी इंतजामों के बजाय जलभराव की स्थायी समस्या का समाधान करने पर है।

वहीं, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री परवेश साहिब सिंह ने कहा कि यह परियोजना दिल्ली के ड्रेनेज नेटवर्क को मजबूत करने की व्यापक योजना का हिस्सा है। नया ड्रेन कई जलभराव प्रभावित इलाकों से बारिश के पानी की निकासी में अहम भूमिका निभाएगा।

सबसे ज़्यादा पढ़े गए