Shruti and dharmpal singh

UP BJP Rajya Sabha Candidate: बीजेपी ने 8 राज्यसभा उम्मीदवारों के नाम का एलान किया, जानिए कौन हैं ये उम्मीदवार

लखनऊ:  UP BJP Rajya Sabha Candidate  उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने आठ उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है. बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति ने इन नामों पर अंतिम मुहर लगाई. सुबह से ही लिस्ट का इंतजार हो रहा था. इनमें यूपी के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह का नाम है, साथ ही राधाकांत ओझा, राम प्रताप सिंह चौहान समेत अन्य नाम शामिल

मौजूदा सांसदों को नहीं मिला टिकट 

बता दें कि, यूपी की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होना है. 6 अक्टूबर को नामांकन की अंतिम तारीख है. बीजेपी ने अपने किसी भी मौजूदा राज्यसभा सांसद को दोबारा टिकट नहीं दिया है, सभी नए चेहरों पर दांव लगाया है. पार्टी ने इन उम्मीदवारों के जरिए जातीय समीकरण साधने के साथ-साथ क्षेत्रीय संतुलन बनाने का प्रयास किया है.

क्षेत्रीय संतुलन साधने की कवायद

बीजेपी ने धर्मपाल सिंह को प्रत्याशी बनाया है, जो आंवला से आते हैं और लोध समुदाय के नेता हैं. वहीं झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार को भी राज्यसभा का टिकट मिला है. इसके अलावा दलित चेहरे के रूप में प्रियंका सिंह रावत और विद्या सागर सोनकर को भी उम्मीदवार बनाया गया है. लिस्ट में शामिल सभी प्रत्याशियों के बारे में आपको विस्तार से बताते हैं.

धर्मपाल सिंह

योगी सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह पश्चिम यूपी से आते हैं, ओबीसी लोध समुदाय के सबसे बड़े चेहरे हैं. ये बरेली की आंवला सीट से विधायक हैं. संगठन और सरकार दोनों में विशेष भूमिका रही है.

राधाकांत ओझा

राधाकांत ओझा प्रयागराज के जाने-माने वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं. कानूनी और राजनीतिक गलियारों में उनका बड़ा नाम है और वे लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं.

गोपी कृष्ण पांडेय

गोपी कृष्ण पांडेय उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ बीजेपी नेता हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं. वे यूपी में पार्टी के प्रमुख ब्राह्मण चेहरों में से एक हैं. एबीवीपी से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले गोपी कृष्ण पांडेय ने संगठन में अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं. वे मूल रूप से बलिया जिले के रसड़ा से ताल्लुक रखते हैं.

प्रकाश पाल: अति-पिछड़ा चेहरा और संगठन से नेता

प्रकाश पाल उत्तर प्रदेश बीजेपी के समर्पित और अनुभवी नेता हैं. उन्होंने संगठन में लंबे समय तक काम किया है. वे पार्टी के अति-पिछड़े (OBC) चेहरे के रूप में जाने जाते हैं और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष का पद संभाल चुके हैं. ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है.

श्रुति गंगवार

बता दें कि, श्रुति गंगवार यूपी बीजेपी की उभरती हुई महिला नेता और प्रदेश पदाधिकारी हैं. वे पूर्व केंद्रीय मंत्री व झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी हैं. वे बरेली और रुहेलखंड क्षेत्र में बीजेपी का एक सशक्त महिला और कुर्मी (OBC) चेहरा मानी जाती हैं.

आगरा से पूर्व विधायक रहे चुके हैं राम प्रताप सिंह

राम प्रताप सिंह चौहान एत्मादपुर (आगरा) के पूर्व विधायक और बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं. ब्रज क्षेत्र के क्षत्रिय/राजपूत समाज के प्रभावशाली नेता हैं और संगठन में लंबे समय से समर्पित कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत रहे हैं.

विद्या सागर सोनकर

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) के सदस्य और बीजेपी के पूर्व प्रदेश महामंत्री हैं. पूर्वांचल के जौनपुर से ताल्लुक रखने वाले दलित समाज (सोनकर/खटीक) के प्रमुख नेता हैं, जिनकी संगठन में लंबे समय से मजबूत पकड़ रही है.

पासी समुदाय की नेता प्रियंका सिंह रावत

सिंह रावत उत्तर प्रदेश की प्रमुख महिला नेता हैं और बाराबंकी लोकसभा सीट से सांसद रह चुकी हैं. अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई. वे संगठन में भी लगातार सक्रिय रही हैं और वर्तमान में पंकज चौधरी की टीम में प्रदेश उपाध्यक्ष का पद संभाल रहे हैं.

यह भी पढ़ें

SC on CEC Gyanesh Kumar: SC में CEC ज्ञानेश कुमार के निलंबन की याचिका खारिज, जानिए कोर्ट ने चुनाव आयोग के लिए क्या कहा

सबसे ज़्यादा पढ़े गए