नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 2026 के विधान परिषद चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार में अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने दोनों राज्यों की कुल 10 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम जारी किए हैं। इनमें उत्तर प्रदेश की 6 और बिहार की 4 सीटें शामिल हैं। विधान परिषद की इन स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होना है।
बिहार में BJP के 4 उम्मीदवार
पटना शिक्षक: नवल किशोर यादव
कोसी स्नातक: डॉ. एनके यादव
दरभंगा स्नातक: सर्वेश कुमार
तिरहुत शिक्षक: नरेंद्र प्रसाद सिंह
यूपी में इन 6 नेताओं को टिकट
वाराणसी स्नातक: केदार नाथ सिंह
मेरठ स्नातक: दिनेश गोयल
इलाहाबाद-झांसी स्नातक: अशोक कुमार राठौर
वाराणसी शिक्षक: डॉ. प्रमोद मिश्रा
आगरा शिक्षक: हरि किशोर तिवारी
गोरखपुर-फैजाबद शिक्षक: ध्रुव त्रिपाठी
बीजेपी की ओर से जारी सूची में यूपी की इन छह और बिहार की चार सीटों के उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।
लखनऊ में नामांकन प्रक्रिया शुरू
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। लखनऊ मंडलायुक्त कार्यालय में उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल कर रहे हैं। नामांकन के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है।
डीसीपी वेस्ट जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, मंडलायुक्त कार्यालय के मुख्य गेट, रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष और आसपास के इलाकों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस की भी ड्यूटी लगाई गई है। महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।
23 अक्टूबर को मतदान
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए चुनाव होने हैं। इनमें स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है, जबकि 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। बीजेपी की ताजा घोषणा के साथ इन सीटों पर चुनावी मुकाबले को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो गई है।
