बालोतरा में दर्दनाक सड़क हादसा, 5 की मौत, 3 घायल

 

balotra-accident राजस्थान के बालोतरा में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है…हादसे में 5 कार सवारों की मौत हो गई जबकि, 3 घायल हैं जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है…आपको बता दें बालोतरा जिले गिड़ा थाना क्षेत्र के कानोड़ गांव के पांच युवकों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। सभी युवक आपस में दोस्त थे और जोधपुर जिले में स्थित पड़ासला भोमियाजी के दर्शन कर देर रात अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भांडियावास के पास उनकी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे एक डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई,वही 2 घायलो ने जोधपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।हादसे में घायल 3 युवकों का जोधपुर में उपचार जारी है

हादसे का सीसीटीवी सामने आया

हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि स्कॉर्पियों की रफ्तार भयावह थी और सामने से आते ट्रकों को देख लेन बदलने के चक्कर में कार आगे जा रहे डंपर से जा टकराई…स्कॉर्पियो तेज गति से आगे चल रहे डंपर से टकराती हुई दिखाई दे रही है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे युवकों को बाहर निकालकर निजी एम्बुलेंसों के जरिये जिला अस्पताल पहुंचाया गया….

गांव में पसरा मातम

पड़ासला भोमियाजी के दर्शन कर देर रात लौट रहे युवकों की अचानक हुई मौत से उनके गांव कानोड़ में मातम पसरा हुआ है, हादसे की सूचना कानोड़ गांव पहुंचते ही मातम छा गया। देर रात और शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन बालोतरा जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंच गए। मोर्चरी के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा रही। पूरे गांव में शोक का माहौल है, क्योंकि हादसे में जान गंवाने वाले पांचों युवक एक ही गांव के रहने वाले और आपस में घनिष्ठ मित्र थे,इसमें अधिकतर युवा रिफाइनरी में वाहन चालक थे।पुलिस ने मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाकर आगे की कार्यवाही शुरू की,बालोतरा मोर्चरी में 3 मृतकों पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है,साथ ही फरार डंपर चालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है

तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बनती दिख रही है हालांकि लगातार हो रहे हादसों से भी लोग सबक नहीं ले रहे…जरूरत हाईवे और अन्य मार्गों पर स्पीड लिमिट और ट्रैफिक नियमों के पालन की है…जिससे हो रहे हादसों को रोका जा सके