लखनऊ: यूपी की सियासत में इस वक्त बयानों के जो तीर चल रहे हैं,उन्होंने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।आरोप-प्रत्यारोप के इस दौर में योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह(Jaiveer Singh Statement) जहां एक तरफ बीजेपी सरकार की तारीफों के पुल बांध रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना भी साध रहे हैं।
मंत्री जी ने एक ही बयान में ‘विकसित भारत 2047’ का खाका भी खींच दिया, शिक्षकों को ‘कैशलेस संजीवनी’ भी दे दी और विपक्ष के अचानक जागे सनातन प्रेम का पूरा कच्चा-चिट्ठा भी खोल दिया।चलिये आपको सिलसिलेवार तरीके से बताते हैं कि,मंत्री जयवीर ने सियासत की चाल में किन-किन मोहरों को अपने बयान से धराशायी किया।
टीचरों को कैशलेस सुविधा से विकसित होगा भारत?
अब भैया मोदी जी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प ले लिया है,तो फिर उनके सिपहसालार कहां पीछे रहने वाले हैं।जनता को बार-बार याद दिलाते रहते हैं कि, हम ही विकसित भारत बनाएंगे। कैसे बनाएंगे वो भी मंत्री जी ने बता दिया। उन्होंने कहा- डबल इंजन की सरकार केवल हवा में महल नहीं बना रही है,इसके लिए काम भी कर रही है।लेकिन इसके लिए जनता को भी साथ देना होगा।मंत्री जी की माने तो इसकी शुरुआत प्राथमिक विद्यालयों की शिक्षा से होगी।उन्होंने कहा कि, जब तक देश का हर बच्चा सुयोग्य,शिक्षित,राष्ट्रभक्त और भारतीय परंपराओं को मानने वाला नहीं होगा,तब तक विकसित भारत की परिकल्पना करना मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने जैसा होगा।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि,सब जानते हैं कि,बच्चों के भविष्य को गढ़ने का महत्वपूर्ण काम शिक्षक ही करते हैं।इस भारी भरकम काम का पूरा दारोमदार हमारे शिक्षकों पर ही होता है।सरकार भी जानती है कि,शिक्षकों के ऊपर कितनी जिम्मेदारी है।लिहाजा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों और उनके परिजनों के कैशलेस उपचार की व्यस्था की है।साथ ही एक करोड़ रुपये का बीमा कवच भी दिया है,जिससे वो चिंता मुक्त हो जाएं,और पूरी तनमयता से बच्चों को भविष्य गढ़े।मंत्री जी ये भी साफ कर दिया कि,SBI के साथ MOU साइन कर लिया गया है,और अगर इसमें कोई छोटी-मोटी कमियां या खामियां रह भी गई होंगी, तो इसे आने वाले वक्त में दूर कर लिया जाएगा।यानि शिक्षकों को टेंशन फ्री करने का सरकार ने पूरा इंतजाम कर लिया है।
शिक्षा से शुरू हुई बात सियासत तक पहुंच गई
सियासतदान बोलें और उनके बयान में राजनीतिक का तड़का न लगे ये तो हो ही नहीं सकता।लिहाजा मंत्री जयवीर सिंह की भी गाड़ी उस ओर घूम गई। शिक्षा से शुरू हुई बात सियासत के अखाड़े तक पहुंच गई।
‘हर आरोपी के ऊपर कसेगा शिकंजा, नहीं बख्शा जाएगा कोई’
मंत्री जयवीर सिंह ने हालिया घटनाओं और घोटालों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बयान एक बार फिर याद दिलाया। उन्होंने कहा कि,बस थोड़ा सब्र रखिये,जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
मंत्री जी ने साफ किया कि, आरोपी कितना ही बड़ा क्यों न हो, अगर उसने कानून के साथ खिलवाड़ किया है, तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कुल मिलाकर कहा जाए,तो मंत्री जयवीर सिंह ने ये साफ कर दिया कि, यूपी में अब गुनहगारों को राहत और रियायत नहीं दी जाती,जो समाजवादी सरकार में दी जाती थी।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर विपक्ष को घेरने की कोशिश!
मंत्री जयवीर सिंह ने अपने बयान में सबसे तीखा हमला समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को लेकर बोला।उन्होंने कहा कि,जिनका सनातन से कोई नाता नहीं है,जिनकी सनातन संस्कृति में कभी कोई निष्ठा नहीं रही, वो आज अचानक सनातन के सबसे बड़े शुभचिंतक और ठेकेदार बनकर घूम रहे हैं।
उन्होंने याद दिलाया कि ये वही लोग हैं, जिन्होंने कभी कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थी।लेकिन आज समय का चक्र ऐसा घूमा है कि वो खुद को हिंदू परंपराओं का रक्षक बताते फिर रहे हैं।गोली चलाने वाले आज गोपी बनने का स्वांग रच रहे हैं।
मंत्री जी के बयान में मायावती पर बरसे फूल
मंत्री जयवीर सिंह जहां सपा और कांग्रेस पर हमलावर हो रहे थे,वहीं बहुजन समाज पाटी यानि बसपा के लिए उनकी जुबान से फूल झड़ रहे थे।उन्होंने कहा कि मायावती जी हमेशा राष्ट्रीय हित और सामाजिक हित को ध्यान में रखते हुए ईमानदारी से अपना बयान देती हैं।वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस हैं, जो अपने लाभ के लिए हर घटना को राजनीतिक रंग देने में जुटे रहते हैं।
राम मंदिर चढ़ावे में चोरी का जिक्र करते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि,जो लोग भी इस घटना के आरोपी हैं,वो जेल जा चुके हैं।और जो लोग बचे हैं,उनके ऊपर भी जल्द शिकंजा कसा जाएगा। एसआईटी का गठन कर दिया गया है..जल्द ही सारा सच सामने आ जाएगा।उन्होंने कहा कि, सरकार ऐसी व्यवस्था करने में जुटी है कि, आने वाले वक्त में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
‘वक्फ और नजूल पर क्यों नहीं बोलते हैं अखिलेश?’
समाजवादी पार्टी की नीयत पर सवाल उठाते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि,सपा प्रमुख अखिलेश यादव में इतनी हिम्मत है कि,वो नजूल की जमीनों के घपलों या वक्फ बोर्ड के मामलों पर एक शब्द बोल सकें। ऐसे मामलों पर उनकी जुबान क्यों नहीं खुलती। आखिर उनके मुंह में दही क्यों जम जाता है।लेकिन जब सनातन संस्कृति को बदनाम करने की बात आती है, तो ये लोग सबसे आगे रहते हैं।
संवाददाता
ब्रह्मेश कुमार,मैनपुरी
