करहल में बोले चाचा शिवपाल,’’राम मंदिर में बैठे हैं अधर्मी,भगवान के घर ही डाल दिया डाका।”

मैनपुरी। यूपी की सियासत में जब चचा, के बयान का जिक्र हो, तो जहन में बस एक ही नाम आता है..जी हां सही समझें आप,चाचा शिवपाल यादव का।राम मंदिर की चोरी को लेकर चाचा शिवपाल यादव( Shivpal Yadav Karhal Visit)ने बीजेपी को जमकर खरी-खोटी सुनाई। ऐसे-ऐसे ताने दिये कि, सत्ता पक्ष का दिमाग भन्ना जाए।

दरअसल शिवपाल यादव करहल पहुंच थे। वही करहल जिसे समाजवादियों का गढ़ माना जाता है।यहां की धरती पर जैसे ही चाचा ने कदम रखा,उनके अंदर का राम प्रेम जाग गया। फिर क्या था,शिवपाल यादव राम मंदिर में हुई कथित चोरी के बहाने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ऐसी आरती उतारी कि लखनऊ से लेकर दिल्ली तक के सियासी गलियारों में घंटियां बजने लगी।

शिवपाल यादव ने साफ कहा कि, ‘’जो लोग खुद को भगवान का परम भक्त बताते नहीं थकते, दिन रात उनके नाम पर वोट मांगते रहते हैं।असल में उन्हीं के राज में खुद भगवान भी सुरक्षित नहीं हैं!’’

‘’राम मंदिर में हुई बड़ी चोरी’’

राम मंदिर में हुई कथित चोरी को लेकर चाचा शिवपाल पूरे मूड में आ चुके थे।उन्होंने इस मुद्दे पर बीजेपी को आड़े हाथों लिया। चाचा ने कहा कि,

‘’राम मंदिर में बहुत बड़ी चोरी हुई है। और मज़े की बात देखिए, चोरी किसी बाहर वाले ने नहीं की। मंदिर की देखभाल करने वालों ने ही राम मंदिर में सेंध लगा दी है। इनसे बड़ा अधर्मी इस धरती पर कोई दूसरा नहीं हो सकता।‘’

शिवपाल के अपने बयान में बिना किसी का नाम लिये एक तीर से कई निशाने साध दिये। एक तरफ सत्ताधारी बीजेपी को भी आईना दिखा दिया। जो दिन रात राम नाम का राग अलापते नहीं थकते। अयोध्या में राम मंदिर बनवाने का क्रेडिट लेने का कोई मौका नहीं छोड़ते। दूसरी तरफ मंदिर ट्रस्ट को भी बता दिया कि,तुम कितना भी ढोल पीटो,अब तुम्हारी सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है। जनता समझ गई है कि,अयोध्या में बड़ा कांड हो गया है। और उसकों अंजाम देने वाले भगवान राम के रक्षक ही है।

कानून-व्यवस्था पर भी शिवपाल ने उठाए सवाल

शिवपाल यादव ने राम मंदिर में हुई चोरी के बहाने यूपी की कानून-व्यवस्था को भी सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि, ‘’बीजेपी सरकार कानून-व्यवस्था का ढिंढोरा पीटते नहीं थकती, लेकिन हकीकत क्या है?अब जनता जान गई है।‘’

“सोचिए, जिस देश और प्रदेश में स्वयं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम सुरक्षित नहीं हैं, जहां भगवान के घर में ही डकैती पड़ जा रही है, वहां आम जनमानस, यानी आप और हम कैसे सुरक्षित रह सकते हैं?”

2027 में अखिलेश राज लाने की अपील

शिवपाल सत्ता पक्ष पर निशाना साध रहे हों, और अखिलेश के लिए जमीन तैयार न करें,ऐसा तो हो ही नहीं सकता। लिहाजा लगे हाथ करहल की धरती से 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को जिताने और अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाने की अपील कर डाली।  

शिवपाल के बयान पर क्या कहेगी बीजेपी?

फिलहाल शिवपाल यादव के बयान पर बीजेपी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।लेकिन चाचा के इस बयान ने लखनऊ का सियासी पारा सातवें आसमान पर जरूर पहुंचा दिया है।चाचा ने राम नाम का जो दांव खेला है, उसने बीजेपी के खेमे में खलबली मचा दी है।

संवाददाता

ब्रह्मेश कुमार,मैनपुरी