न्यूज डेस्क : Mayawati On Women Reservation बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने केंद्र की मोदी सरकार की तारीफ की है. उन्होंने सरकार के प्रस्तावित 33 फीसदी महिला आरक्षण का स्वागत किया. बसपा सुप्रीमो ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर अपनी पात कही. उन्होंने लिखा कि, बीएसपी शुरू से ही देश में महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा सहित राजनीति में उचित अवसर दिये जाने की पक्षधर रही है. उन्होंने लिखा कि, लोकसभा और राज्यों की विधानसभा में 33 फीसदी आरक्षण लागू करने की मांग वे लगातार कर रही है.
एससी-एसटी के लिए अलग आरक्षण की व्यवस्था
मायावती ने लिखा है कि अच्छा बल्कि ऐतिहासिक होता अगर सदियों से शोषित-पीड़ित व उपेक्षित रहीं खासकर एससी व एसटी समाज की महिलाओं को इसी में ही अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था कर दी जाती, ताकि संकीर्ण, जातिवादी, धन व बाहुबल आदि से ग्रसित यहां की चुनावी राजनीति में उन्हें भी सही से भाग लेकर थोड़ा आगे बढ़ने का मौका मिल जाता तो यह निश्चय ही देश व जनहित की बेहतर बात होती. इस पर केन्द्र सरकार अभी भी सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ले तो यह ज़रूर ही उचित व न्यायपूर्ण भी होगा.
मायावती ने उठाई ये मांग
पूर्व सीएम ने लिखा है कि वैसे देश की लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभा में मौजूदा सीट संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि आदि से सम्बंधित तीन विधेयकों तथा तत्सम्बंधी परिसीमन निर्धारण करने के दौरान में सीटों की सीमा तय करने में गड़बड़ी करके राजनीतिक व चुनावी स्वार्थ की पूर्ति करने का आरोप कोई नई बात नहीं है.
एससी/एसटी के लिए मांग
मायावती ने लिखा कि वास्तव में जो भी पार्टी केन्द्र की सत्ता में रहती है वह ऐसे अधिकतर मामलों में देश व जनहित की परवाह कम तथा पार्टी हित/स्वार्थ को अधिक महत्व देती है, जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है. ऐसे में देश में सर्वसमाज के लोग अच्छी सरकार के लिये, बिना किसी धर्म, जाति व क्षेत्रीयता आदि की भावना में बहे हुये तथा बिना किसी लुभावने वादे, दावे व घोषणाओं आदि के छलावा में आये हुये, अच्छे लोगों को ही चुनने का संकल्प लें तो यह यहाँ देश के लोकतंत्र एवं संविधान की सुरक्षा और सम्मान में असली गारण्टी होगी, जिसके लिये बीएसपी तत्पर है.
यह भी पढ़ें

One thought on “Mayawati On Women Reservation: 33 फीसदी आरक्षण पर सरकार से खुश मायावती, लेकिन SC-ST के लिए अलग कोटे की मांग”