Dussehra 2026 Date: हर साल की तरह इस बार भी विजयादशमी यानी दशहरा को लेकर लोगों में उत्सुकता है। हालांकि, 2026 में दशमी तिथि दो अलग-अलग तारीखों को पड़ने के कारण यह सवाल उठ रहा है कि आखिर दशहरा 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा या 21 अक्टूबर को। पंचांग के अनुसार, इस वर्ष विजयादशमी का पर्व 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को मनाया जाएगा।
इसी दिन देश के अलग-अलग हिस्सों में विजयादशमी की पूजा, शस्त्र पूजन और शमी पूजन की परंपरा निभाई जाएगी। कई स्थानों पर शाम को रामलीला के समापन के बाद रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन भी किया जाएगा।
Dussehra 2026 कब है?
हिंदू पंचांग के अनुसार आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि 20 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12:50 बजे शुरू होगी और इसका समापन 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:11 बजे होगा। दशमी तिथि के धार्मिक महत्व और पर्व मनाने की परंपरा को देखते हुए 20 अक्टूबर को विजयादशमी मनाई जाएगी। इसलिए 20 और 21 अक्टूबर को लेकर जो भ्रम है, उसमें 20 अक्टूबर को दशहरा की मुख्य तिथि माना जा रहा है।
20 अक्टूबर को ही क्यों मनाया जाएगा दशहरा?
इस बार दशमी तिथि का विस्तार दो कैलेंडर तारीखों में होने के कारण तारीख को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। धार्मिक पर्वों की तारीख तय करते समय केवल तिथि का शुरू और खत्म होना ही नहीं, बल्कि स्थानीय पंचांग, उदया तिथि और संबंधित धार्मिक परंपराओं को भी ध्यान में रखा जाता है। इसी गणना के आधार पर 2026 में विजयादशमी का पर्व मंगलवार, 20 अक्टूबर को मनाने की बात कही जा रही है।दशहरा भारतीय परंपरा में धर्म की अधर्म पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक माना जाता है। इसी दिन भगवान श्रीराम द्वारा रावण का वध किए जाने की धार्मिक मान्यता है।
Dussehra 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त
विजयादशमी पर शस्त्र पूजा और शमी पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। उपलब्ध पंचांग गणना के अनुसार 20 अक्टूबर को विजय मुहूर्त दोपहर 2:05 बजे से 2:51 बजे तक रहेगा।वहीं, अपराह्न पूजा का समय दोपहर 1:19 बजे से 3:37 बजे तक बताया गया है।
