JAIPUR MAHESH MEENA MURDER- जयपुर में एक पिता ने अपनी बहू पर संगीन आरोप लगाए हैं…पिता को शक है कि उसकी बहू ने ही उसके बेटे का कत्ल किया है…मामला फिलहाल संदिग्ध है लेकिन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है…आपको बता दें जयपुर के विश्वकर्मा इलाके में 27 साल के महेश मीणा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी…..CCTV फुटेज सामने आने के बाद मृतक के पिता ने बहू कविता पर संगीन आरोप लगाए हैं…बेटे की संदिग्ध मौत के 12 दिन बाद पिता ने मामले से संबंधित CCTV फुटेज खुद खंगाल कर पूरी जांच का रुख ही मोड़ दिया है…पिता का दावा है कि उनकी बहू ने जो कहानी सुनाई वो पूरी तरह झूठी है और उसने ही अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश को अंजाम दिया है…
पिता ने खुद खंगाले CCTV फुटेज
दरअसल महेश मीणा विश्वकर्मा क्षेत्र की लोहे की चद्दर बनाने वाली कंपनी में काम करता था। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसकी शादी शिवदासपुरा निवासी कविता मीणा से हुई थी। 5 अगस्त को सुबह करीब नौ बजे महेश अपनी पत्नी को दवा दिलाने के लिए बाइक से बगरू के बोराज गया था। शाम करीब पांच बजे कविता ने महेश के छोटे भाई मनीष को फोन करके जल्दी घर पहुंचने की बात कही। थोड़ी देर बाद उसने दोबारा फोन कर महेश की तबीयत बिगड़ने की सूचना दी और मनीष को विश्वकर्मा स्थित 14 नंबर पुलिया पर बुलाया। मनीष जब अपनी बहन संतोष के साथ मौके पर पहुंचा तो महेश सड़क किनारे बेसुध पड़ा था। परिजन उसे तुरंत सीकर सड़क स्थित सीकेएस अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उस समय कविता ने परिजनों को बताया कि श्याम नगर में 200 फीट चौराहे के पास महेश बेहोश हो गया था, जिसे वह बाइक से बांधकर ला रही थी
CCTV फुटेज ने पलटी जांच
मृतक के पिता का दावा है कि CCTV फुटेज में कविता के साथ कुछ अन्य लोग भी मौके तक पहुंचते दिखाई दिए…यही फुटेज अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गई है…पुलिस जांच में गणेश,अजय मीणा, गोलू प्रजापत के नाम सामने आए हैं…मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि कविता ने इन परिचितों के साथ मिलकर महेश की हत्या की साजिश रची पिता का यह भी आरोप है कि महेश को कथित तौर पर जहर देकर मौत के घाट उतारा गया…हालांकि इन गंभीर आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी
नए सिरे से मामले की जांच
अब पुलिस CCTV फुटेज, घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत तमाम पहलुओं की जांच कर रही है…पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर उस दिन महेश के साथ क्या हुआ था…उसकी मौत बीमारी से हुई या इसके पीछे कोई साजिश थी? ..महेश मीणा की पत्नी कविता उसके कथित साथियों पर गंभीर आरोप लगे हैं, लेकिन इन आरोपों की सच्चाई क्या है… इसका जवाब पुलिस जांच और सामने आने वाले सबूत ही देंगे…
